निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । नगर निकाय चुनाव को लेकर जामताड़ा में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में चुनावी माहौल और भी गर्म होने की संभावना है।
इसी सरगर्मी के बीच जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए रीना कुमारी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद रीना कुमारी के नेतृत्व में आज गांधी मैदान के समीप समाज कल्याण परिसर से गाजे बाजे, ढोल नगाड़ों के साथ एक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में समर्थक शामिल हुए।
रैली में भारतीय जनता पार्टी का खुला समर्थन देखने को मिला। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष के अलावा पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। रैली नगर स्थित मां चंचला मंदिर पहुंची, जहां पूजा अर्चना करने किया, रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गई, जहां समर्थकों ने नारेबाजी कर प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाया।
इस मौके पर रीना कुमारी ने कहा कि नगर पंचायत का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। वहीं भाजपा नेताओं ने रीना कुमारी को योग्य प्रत्याशी बताते हुए जनता से समर्थन की अपील की। वहीं इस दौरान मीडिया से बात करते हुए रणधीर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से पार्टी आधारित नगर निकाय चुनाव की मांग सरकार और चुनाव आयोग से मांग की थी, लेकिन यह चुनाव पार्टी आधारित नही हो रहा है, क्योंकि कांग्रेस, जे एम एम, राजद शहरी क्षेत्रों में हार से डरी हुई थी। उन्होंने इन पार्टियों पर चुनाव में धांधली करने की मंशा को जाहिर की है। नगर निकाय चुनाव में भी पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव लड़ते हैं, इसलिए हमलोगों ने रीना कुमारी को समर्थन दिया है और निश्चित रूप से यहां की जनता रीना कुमारी को भारी मतों से जीत दिलायेगी।
