निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । झारखंड मुक्ति मोर्चा के 47वें स्थापना दिवस को लेकर जामताड़ा स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2 फरवरी को दुमका में आयोजित होने वाले पार्टी के स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक के दौरान दुमका जाने के क्रम में झामुमो के प्रदेश प्रवक्ता बिनोद पांडे देर शाम जामताड़ा जिला पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दुमका पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा राज्य के अधिकार, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी-मूलवासी हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और स्थापना दिवस इस संघर्ष की याद दिलाने का अवसर है। वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश प्रवक्ता बिनोद पांडे ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बजट को मात्र दिखावा बताते हुए कहा कि इसमें आम जनता, गरीब, किसान और आदिवासी वर्ग के हितों की अनदेखी की गई है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ दोहरी नीति अपना रही है और राज्य को उसका हक नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, लेकिन बदले में राज्य को विकास के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं मिलते।
