निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । एनएसवी कॉन्क्लेव में जामताड़ा जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. दुर्गेश झा को झारखंड राज्य में सर्वश्रेष्ठ ट्यूबेक्टोमी (बंध्याकरण) और नसबंदी सर्जन के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें परिवार नियोजन कार्यक्रम में किए गए उत्कृष्ट योगदान और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया। डॉ. दुर्गेश झा ने जिले में परिवार नियोजन अभियान को सशक्त बनाने और जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस अवसर पर आयोजित समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रतिनिधि, और देशभर के विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञ डॉक्टर मौजूद थे। कार्यक्रम में परिवार नियोजन से जुड़े नवीन प्रयासों, तकनीकी सुधारों और सफल कार्यान्वयन की दिशा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। झारखंड की ओर से जामताड़ा के डॉ. दुर्गेश झा को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ, जो राज्य के लिए गौरव की बात है। डॉ. दुर्गेश झा लंबे समय
से जामताड़ा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में सक्रिय हैं। उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में परिवार नियोजन के महत्व को आमजन तक पहुंचाने में उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके मार्गदर्शन में सैकड़ों परिवारों ने सुरक्षित और सफल नसबंदी (ट्यूबेक्टोमी) ऑपरेशन करवाए हैं, जिससे जनसंख्या नियंत्रण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. झा ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए
गर्व और प्रेरणा दोनों का विषय है। उन्होंने कहा यह सम्मान मेरे अकेले का नहीं, बल्कि पूरी स्वास्थ्य टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
परिवार नियोजन समाज के संतुलित विकास की कुंजी है और हम सबको इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए। डॉ. झा की इस उपलब्धि पर जिले के स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, तथा स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया और उन्हें बधाई दी।
