जलौंध गांव में एक बच्चे के कार की चपेट में आने से मौत,

तीन घंटे तक मासूम कार के नीचे दबा रहा, चालक पर मामला छुपाने का आरोप

ग्रामीणों में आक्रोश, मामला दर्ज

रामावतार स्वर्णकार
हजारीबाग/इचाक: थाना क्षेत्र के जलौंध गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है जहां एक तीन वर्षीय बच्चे का कार की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। और कार चालक तीन घंटे तक मामले को दबाए रखा। घटना बुधवार की शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जलौंध गांव निवासी दीपक कुमार (पिता गोवर्धन महतो) का पुत्र अनुभव कुमार उर्फ डुग्गू (उम्र करीब तीन वर्ष) घर से बाहर खेलने को कहकर निकला इसी बीच सामने से आ रहे हुंडई कार (डीएल 01जेडबी 5589) की चपेट में आ गया और कार के बाएं पहिए के नीचे दब गया। कार दीपक का गोतिया अखिलेश कुमार मेहता पिता चंद्रशेखर प्रसाद मेहता उर्फ चंदर महतो का था। घटना दीपक के घर से महज 20 मीटर की दूरी पर अखिलेश कुमार मेहता के घर के पास घटी। अंधेरा होने के कारण घटना पर किसी की नजर नहीं पड़ी। इसका फायदा कार चालक अखिलेश कुमार मेहता उठाना चाहा और घटना पर किसी को भनक न लगे इसलिए बच्चे को गाड़ी नीचे ही तीन घंटे तक छोड़ दिया।

इधर बच्चे के अचानक गायब होने पर परिजन उसे ढूंढने लगे। इसी बीच किसी ने टॉर्च जलाकर देखा तो बच्चे को कार के नीचे दबा पाया। यह दृश्य देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। आनन फानन में कार को हटाकर बच्चे को इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद लोगों का आक्रोश उबल पड़ा। मौके की नजाकत को देखते हुए कार चालक फरार हो गया। इधर घटना की सूचना पाकर पुअनि सिद्धू पूर्ति और मंगल उरांव सदल बल घटना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया। घटना में संलिप्त कार को जब्त कर थाने ले आई और आरोपी अखिलेश कुमार मेहता को हिरासत में ले लिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। इधर मासूम के शव घर पहुंचते ही गांव में मातम छा गया। मां सपना देवी अपने लाडले के खोने का ग़म से बार बार बेहोंस हो रही थी। वहीं परिजनों के चीत्कार से हर किसी के आंखों में आंसू आ गए। शव का अंतिम संस्कार गांव के ही मुक्ति धाम में किया गया। मुखाग्नि पिता ने दिया। इधर घटना को लेकर मृतक मासूम के पिता दीपक कुमार मेहता के आवेदन पर इचाक थाना कांड संख्या 146/25 के तहत बीएनएस की धारा 1103/1, 238 व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जिसमें अखिलेश कुमार मेहता पिता चंद्रशेखर प्रसाद मेहता उर्फ चंदर महतो, कविता देवी पति अखिलेश कुमार मेहता, मंजू देवी पति चंद्रशेखर प्रसाद मेहता उर्फ चंदर महतो और प्रियंका कुमारी पिता चंद्रशेखर प्रसाद मेहता उर्फ चंदर महतो को आरोपी बनाते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी करना शुरू कर दिया है।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी राजदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चे का मौत का कारण गाड़ी के नीचे दबने से हुआ ही प्रतीत हो रहा है। शव में बाहरी खरोंच नहीं दिख रहा। संभवतः अंदरूनी चोट से बच्चे की मृत्यु हुई होगी। गाड़ी चालक डर से किसी को बता नहीं रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने पर मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। मृतक मासूम के पिता दीपक कुमार मेहता के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। हमने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी को हिरासत में ले कर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *