रामावतार स्वर्णकार
इचाक: इचाक थाना क्षेत्र के फुरुका गांव निवासी पवन कुमार यादव की नवविवाहित पत्नी सरिता कुमारी (उम्र 23 वर्ष) का शव गांव के एक कुएं से ग्रामीणों ने बरामद किया। घटना बुधवार डेढ़ से दो बजे दिन की बताई जा रही है।सरिता के मौत की खबर से गांव वाले हतप्रभ है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त सरिता की सास मंजू देवी राशन लाने डीलर के घर गई थी।जबकि पति पवन कुमार यादव उड़ीसा में मशीन चालक है। घटना के समय सरिता के दादा ससुर बोधन यादव घर में और ससुर जीवलाल यादव मवेशी चराने गए थे। इसी बीच घर के बगल स्थित कुएं पर कपड़ा धोने के क्रम में वह कुएं में गिर गई। जिस कारण उसकी मौत हो गई।ग्रामीणों ने बताया कि सरिता कब और कैसे कुएं में गिरी इसकी जानकारी किसी को नहीं है। सरिता की सास मंजू देवी जब राशन लेकर वापस लौटी तो बहु को घर में न देखकर खोजबीन करते कुएं की ओर गई, तो देखा कि कपड़ा सर्फ में बोथा पड़ा है। अनहोनी की आशंक जताते हुए मंजू ने कुएं में झांका तो देखा कि सरिता का शव पानी में तैर रहा। जिसके बाद उसके होश उड़ गए। मंजू के चीख पुकार सुनकर गांव वालों की भीड़ कुएं के पास जमा हो गई। जिसके बाद शव को कुएं से बाहर निकल कर पुलिस को सूचना दी गई। सरिता और पवन की शादी एक साल पहले हुई थी। उसका कोई भी संतान नहीं है। घटना की सूचना पर पहुंची इचाक पुलिस पंचनामा के बाद शव कब्ज में लेकर सरिता के परिजनों के आने का इंतजार कर रही थी। सरिता के मायके इचाक थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में है। उसके पिता अशोक यादव दैनिक मजदूर हैं। जो घटना के दिन मजदूरी करने हजारीबाग गए थे। जिसके चलते उनके आने का इंतजार पुलिस कर रही थी। नावाडीह गांव के समाजसेवी जगन्नाथ यादव ने बताया कि सरिता दो-तीन महीने से मायके में थी । पांच दिन पूर्व उसका पति पवन लेने आया था। जिसके साथ वह ससुराल गई थी। मायके वालों ने सरिता के हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि एक साल के दरम्यान कई बार पंचायत भी हो चुका है।इचाक थाना प्रभारी राजदीप कुमार ने बताया कि नव विवाहिता का शव कुएं से बरामद होने की सूचना मिली है। पुलिस गश्ती दल को भेजा गया है। मौत के सभी बिंदुओं पर पुलिस गहनता पूर्वक जांच पड़ताल कर रही है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल हजारीबाग भेजा जाएगा।
