निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल के नेतृत्व में आगामी काली पूजा की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक गांधी मैदान स्थित समाज कल्याण समिति कार्यालय प्रांगण में आयोजित की गई। इस बैठक में काली पूजा समितियों के सदस्यों के साथ-साथ नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्ड पार्षदगण भी उपस्थित रहे। बैठक में जामताड़ा नगर के स्टेशन रोड, गायछांद, मोहुलडंगाल, दुमका रोड, पांडेडीह, तिलाबाद सहित कई स्थानों पर आयोजित होने वाली काली पूजा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, लाइटिंग, पेयजल की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं भक्तजनों की सुविधा जैसे विषयों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान वीरेंद्र मंडल ने कहा की प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जामताड़ा नगर में अलग-अलग स्थानों पर बड़े ही धूमधाम और पवित्र वातावरण में काली पूजा का आयोजन किया जाएगा। बीते दिनों हमने सभी पूजा समितियों के सहयोग से दुर्गा पूजा का सफल और शांतिपूर्ण आयोजन किया था, जिसमें नगर की साफ-सफाई, लाइटिंग, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव, पेयजल एवं अन्य सुविधाओं के लिए एक व्यक्तिगत रूप से टीम का गठन कर व्यापक प्रबंध किए गए थे। उसी तरह इस वर्ष की काली पूजा में भी सभी तैयारियां पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हम सभी जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि हर त्योहार चाहे वह छठ पूजा हो, दुर्गा पूजा, काली पूजा या मुहर्रम में अपनी जिम्मेदारी को कर्तव्यपरायणता और समर्पण भावना से निभाते हैं। पूरे शहर को त्योहारों के दौरान साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव, लाइटिंग और पेयजल व्यवस्था की जाती है ताकि श्रद्धालु एवं आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। जामताड़ा शहर के विकास और सौंदर्यीकरण में जनता का सहयोग सबसे अहम है। प्रत्येक नागरिक को चाहिए कि वे अपने-अपने गली मोहल्ले, पूजा स्थल और मंदिरों में होने वाले जनहित कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि हमारे शहर की पहचान स्वच्छ, सुंदर और धार्मिक आस्था से ओतप्रोत बनी रहे। बैठक में यह संकल्प लिया गया कि जामताड़ा नगर में काली पूजा का आयोजन इस वर्ष भी बड़े ही भव्य, शांतिपूर्ण और भक्तिमय माहौल में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *