निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी अपनाओ अभियान को समर्थन में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सह भाजपा नेत्री बबीता झा ने शुक्रवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं के बीच स्वदेशी मिट्टी से बने दीयों का वितरण किया। यह कार्यक्रम आगामी दीपावली पर्व के मद्देनज़र स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बबीता झा ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम विदेशी उत्पादों के स्थान पर स्थानीय और पारंपरिक वस्तुओं को प्राथमिकता दें। दीपावली जैसे पावन पर्व पर जब हम चीनी लाइट्स और प्लास्टिक के सजावटी सामानों की जगह मिट्टी के दीयों का प्रयोग करेंगे, तो न केवल पर्यावरण की रक्षा होगी, बल्कि स्थानीय कुम्हारों और कारीगरों को भी आर्थिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोकल फॉर लोकल का जो मंत्र दिया है, वह आत्मनिर्भर भारत की नींव है। हमें अपने त्योहारों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप मनाना चाहिए। इस पहल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।कार्यक्रम के अंत में उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे कुम्हारों से सीधे दीये खरीदें और इस पर्व पर स्वदेशी को बढ़ावा दें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और सभी ने मिट्टी के दीयों को अपनाने का संकल्प लिया। सरिता देवी, काजल देवी, शांति देवी, कुसुम कुमारी आदि लोग मौजूद थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *