निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के करमाटाड़ प्रखंड अंतर्गत काशीटांड गांव में मेरा युवा भारत जामताड़ा के तत्वाधान में और स्वामी विवेकानंद युवा क्लब काशीटांड के सहयोग से प्रखंड स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में खेल के प्रति रुचि जगाना और उन्हें प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता का उद्घाटन उस गांव के वार्ड मेंबर छेदी रवानी और ग्राम प्रधान सोनालाल मरांडी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा बॉल को किक मारकर संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में फुटबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स जैसे खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। फुटबॉल मुकाबले में छह टीमों ने भाग लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबला डी० डी० क्लब मुर्गाबनी और उर्दा डंगाल मेमोरियल क्लब काशीटांड के बीच खेला गया, जिसमें डी० डी० क्लब मुर्गाबनी विजेता रही, जबकि उर्दा डंगाल मेमोरियल क्लब उपविजेता बनी। एथलेटिक्स में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 400 मीटर दौड़ में छोटू टुडू ने प्रथम, राहुल राउत ने द्वितीय और शक्ति हांसदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में अनिता हांसदा ने प्रथम, सनिता सोरेन ने द्वितीय और लक्ष्मी कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वही कबड्डी प्रतियोगिता में जबरदाहा की जूनियर टीम विजेता रही, जबकि काशीटांड की टीम उपविजेता रही। सभी विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर दीपक कुमार राउत, हेमंत सोरेन, गणेश सिंह, हेमसागर किस्कू, मिथुन महतो और सुरेश मिस्त्री सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
