निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत पियालसोला खेल मैदान में इलेवन वन क्लब के तत्वावधान में आयोजित रात्रि क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं समाजसेवी हरिमोहन मिश्रा ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। टूर्नामेंट के शुभारंभ से पूर्व उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान “जन गण मन” गाकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इसके बाद क्रिकेट मुकाबलों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसमें खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि हरिमोहन मिश्रा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने युवाओं से खेल के प्रति समर्पण और खेल भावना बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में गोराई नाला मंडल अध्यक्ष गिरधारी मंडल, काजल मंडल, कमल बाउरी, पंचायत समिति सदस्य अनवर अंसारी, मुस्तफा अंसारी, असलम अंसारी, सद्दाम अंसारी, उत्पल मंडल सहित क्लब के सदस्य एवं क्षेत्र के सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट में क्षेत्र की कई टीमें भाग ले रही हैं और आगामी दिनों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। रात्रि क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
