निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय इंटर कॉलेज कबड्डी टूर्नामेंट का शुक्रवार को समापन हुआ। इस टूर्नामेंट में क्षेत्र के विभिन्न कॉलेजों की महिला और पुरुष टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में जामताड़ा महाविद्यालय, जामताड़ा और साहिबगंज कॉलेज साहिबगंज की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। बेहतरीन तालमेल और रणनीति के बल पर साहिबगंज कॉलेज की महिला टीम ने बाज़ी मारी और विजेता घोषित की गई, जबकि जामताड़ा कॉलेज की महिला टीम उपविजेता रही। वहीं पुरुष वर्ग में जामताड़ा महाविद्यालय, जामताड़ा और साहिबगंज कॉलेज, साहिबगंज की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें जामताड़ा महाविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों की खेल भावना और अनुशासन की खूब सराहना की गई। स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. रामसनेही राम ने टूर्नामेंट के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आयोजन को सफल बनाने में समर्पित प्रयास किया।मैच के दौरान खिलाड़ियों की चिकित्सा सहायता हेतु मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई थी, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने हेतु स्थानीय पुलिस प्रशासन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के मंच संचालन प्रो. रेश्मा टोप्पो और डॉ. अनिल कुमार टेटे ने निभाई, जबकि मैच की कमेंट्री प्रो. महादेव चंद्र यादव और डॉ. रिजवान ने जीवंत अंदाज में प्रस्तुत की, जिससे दर्शकों में उत्साह बना रहा। समापन समारोह के दौरान विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए गए। अंत में डॉ. रामसनेही राम द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य प्रो. कौशल, उच्चतर शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के डिप्टी डायरेक्टर प्रो. अजय राज खालखो, प्रो. नीलम कुजूर, डॉ. अनमोल अमर बाबा, डॉ. अनिल कुमार टेटे, डॉ. पीयूष मालपहाड़िया, डॉ. रिजवान, प्रो. महादेव चंद्र यादव, डॉ. बंदोपाध्याय, प्रो. रेश्मा टोप्पो समेत महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *