निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी का सोमवार को जामताड़ा में भव्य स्वागत किया गया। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सह भाजपा नेत्री बबीता झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पोसोई मोड़ पर जोरदार नारेबाजी करते हुए मंत्री का स्वागत किया। अन्नपूर्णा देवी जैसे ही जामताड़ा पहुंचीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अंदाज में फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत के बाद वह सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचीं, जहां ‘आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन’ का आयोजन किया गया था। सम्मेलन में जिलेभर से भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं और आत्मनिर्भर भारत अभियान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भाजपा सरकार पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। महिलाओं, किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है।वही भाजपा नेत्री बबीता झा ने मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि अन्नपूर्णा देवी का दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से मिल-जुलकर कार्य करने का आग्रह किया। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश राय, मिहिजाम नगर अध्यक्ष कमल गुप्ता,युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कुणाल सिंह सहित भाजपा के कई प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *