निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । विधानसभा नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत कालीपहाड़ी ग्राम के निवासी जो धनबाद में रहते थे,
धनबाद बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं सुड़ी समाज कल्याण समिति के केंद्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता कंसारी मंडल के निधन का समाचार मिलते ही पूरे समाज में शोक की लहर दौड़ गई। कंसारी मंडल न केवल एक प्रखर अधिवक्ता थे, बल्कि समाज सेवा, न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय रहा है। उनकी याद में भाजपा वरिष्ठ नेता वीरेंद्र मंडल के जामताड़ा स्थित आवास पर एक श्रद्धांजलि सभा एवं दो मिनट का मौन रखा गया । इस अवसर पर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने श्रद्धेय कंसारी मंडल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वीरेंद्र मंडल ने कहा कंसारी मंडल जी एक सच्चे समाजसेवी और न्यायप्रिय व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने जीवन के हर चरण में समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और प्रेरणादायी व्यक्तित्व हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि सुड़ी समाज के उत्थान में कंसारी मंडल जी की भूमिका अमिट रही है। वे एक सशक्त संगठनकर्ता और समर्पित जननेता के रूप में सदैव याद किए जाएंगे।
सभा में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धेय कंसारी मंडल ने समाज और संगठन दोनों को नई दिशा दी। उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक रूप से ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *