इचाक में लगातार बढ़ रही चोरी की घटना

रामावतार स्वर्णकार
इचाक । थाना क्षेत्र के राजकीय मवि हदारी में एक अक्टूबर की रात चोरी की घटना घटी। चोरों ने विद्यालय का रसोई और गोदाम का ताला तोड़कर करीब 14 पैकेट एमडीएम का चावल लेकर चंपत हो गए। घटना को लेकर विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका तिलकी कुमारी ने इचाक थाना में आवेदन देकर चोरी गए चावल बरामद करने की गुहार लगाई है। दिए गए आवेदन के अनुसार ग्रामीणों ने फोन कर बताया कि विद्यालय के रसोई घर का ताला टूटा हुआ है। जिसके बाद विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संदीप मेहता और शिक्षक अरुण कुमार विद्यालय गए तो देखा कि विद्यालय के रसोई और गोदाम का ताला टूटा है और वहां से एमडीएम का चावल गायब है। इससे पहले 23 सितंबर को थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय रतनपुर में चोरों ने रसोई घर का ताला तोड़कर 7 क्विंटल चावल पर हाथ साफ किया। जबकि बगल के आंगनबाड़ी केंद्र में भी ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया। इससे पहले 10 सितंबर को रा.मवि बरका खुर्द से चोरों ने 2 क्विंटल चावल, 10 किलो दाल, 13 किलो सरसों तेल और 50 स्टील गिलास पर हाथ साफ किया। लेकिन घटना के एक माह बाद भी इचाक पुलिस किसी भी चोरी की घटना का उद्भेदन नहीं कर पाई है। बताते चलें कि विद्यालय में आए दिन हो रही चोरी की घटना ने जहां पुलिस के पसीने छुड़ा रहे हैं वहीं आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी राजदीप कुमार ने बताया कि विद्यालयों में चोरी की घटना वहां के शिक्षकों और विद्यालय प्रबन्धन के आपसी मिली भगत का मामला प्रतीत हो रहा है। जल्द मामले का खुलासा हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *