सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रतिनिधि
हजारीबाग । जिले के सदर अस्पताल में बीते 2 अक्टूबर की रात बड़ी चोरी की वारदात हुई। चोरों ने अस्पताल की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए भर्ती मरीज के बेड से मोबाइल फोन और नकदी से भरा बटुआ चुरा लिया। घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटकमदाग प्रखंड क्षेत्र महुडर गांव की बेबी राणा, पति बिरेंद्र राणा, अपनी बहन के इलाज के लिए शेख भीखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग के तीसरी मंजिल के वार्ड में भर्ती थीं। देर रात लगभग दो बजे, जब परिजन सोए हुए थे, तभी चोरों ने मौका पाकर मोबाइल फोन और पैसे से भरा बटुआ उड़ा लिया। बटुए में हजारों रुपये नकद मौजूद थे।पीड़िता बेबी राणा ने इस घटना को लेकर सदर थाना में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि चोरी गए मोबाइल और नकदी को जल्द से जल्द बरामद किया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।बेबी राणा के पति, बिरेंद्र राणा ने कहा कि “जब अस्पताल परिसर में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था है, तो फिर चोर अस्पताल के भीतर कैसे प्रवेश कर जाते हैं? यह गंभीर लापरवाही का मामला है।”इधर सदर अस्पताल में चोरी की घटना की चर्चा आग की तरह फैल गई। वारदात के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच दहशत का माहौल है। लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे हैं।
