निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत अफजलपुर स्थित जीरो माइल में बहुप्रतीक्षित नवनिर्मित टाउन आउट पोस्ट का उद्घाटन झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्रनाथ महतो के द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर जामताड़ा पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता और डीडीसी निरंजन कुमार ने भी संयुक्त रूप से उद्घाटन कर पुलिस कैंप को आम जनता को समर्पित किया। यह टाउन आउट पोस्ट सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्योंकि यह इलाका पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा हुआ है, जहां बाहरी तत्वों की घुसपैठ की आशंका बनी रहती है. अब यहां 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती और कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी. पुलिस चौकी पर आने-जाने वाले सभी वाहनों की गहन जांच की व्यवस्था की गई है, जिससे असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उद्घाटन समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक ने कई बाइक पेट्रोलिंग दस्तों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो क्षेत्र में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएंगे. मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनता के विकास और सुरक्षा के लिए हर स्तर पर कार्य जारी रहेगा. कार्यक्रम में जिला के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने पुलिस चौकी की स्थापना को क्षेत्र की सुरक्षा और विकास के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।
