युवाओं का प्रयास रंग लाया
कहा: गांव में जल्द दूर होगी सड़क, विद्यालय और पेयजल की समस्या
रामावतार स्वर्णकार
इचाक । प्रखंड के मांगुरा पंचायत अंतर्गत निचली जमुआरी गांव के युवाओं के बार बार आग्रह पर बुधवार को बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र विधायक अमित कुमार यादव की नींद खुली और वे पहली बार निचली जमुआरी गांव पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, विद्यालय, आवास, वृद्धा पेंशन, मुख्यमंत्री मैयां योजना की समस्या सुनाई। मौके पर उपस्थित ग्रामीण और मुखिया मीना देवी ने विधायक को सड़क की जर्जर अवस्था से रुबरु कराया। गांव में उपरैली जमुआरी से निचली जमुआरी देवीमंडप होते हुए छठ घाट तक और नेमन रजक के घर से जमुआ सीमाना पर स्थित शिवमन्दिर जाने वाली लगभग तीन किमी सड़क की हालत अत्यंत खराब है। जिसपर पैदल भी चलना मुश्किल है। पिछले दिनों ग्रामीणों ने समस्या से तंग आकर कीचड़ युक्त सड़क पर धान रोपकर जनप्रतिनिधियों का विरोध किया था। मुखिया ने मूलो यादव के घर के पास और देवीमंडप के पास एक एक चापानल लगाने का आग्रह भी विधायक से किया। पूनम देवी, तारा देवी और रीता देवी ने प्रावि निचली जमुआरी को मध्य विद्यालय में और मवि मांगुरा (हिन्दी) को उच्च विद्यालय में अपग्रेड करने की मांग विधायक से किया। बताया कि सड़क समस्या और अधिक दूरी के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। तेजनी देवी (पति पंकज गिरी) और रामानंद भारती ने आवास के लिए गुहार लगाई। इन दोनों का मिट्टी का घर तीन वर्ष पूर्व बारिश में गिर गया था। तब से बगैर घर के जैसे तैसे रहने को मजबूर हैं। बारिश ने गांव के करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों का आशियाना छीन लिया लेकिन अभी तक किसी को आवास नहीं मिला। इस दौरान नवनिर्मित युवा संगठन निचली जमुआरी के युवाओं ने विधायक को प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन की याद दिलाते हुए अपने गांव को साफ सुथरा और हरा भरा बनाने में विधायक का सहयोग मांगा।
क्या कहा विधायक ने:
विधायक अमित कुमार यादव ने ग्रामीणों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए उनकी समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए डीएमएफटी के अधिकारियों से फोन पर बात किया और ग्रामीणों से जल्द ही डीएमएफटी मद से सड़क बनाने, पेयजल की व्यवस्था करने और प्रावि निचली जमुआरी को मध्य विद्यालय तथा मवि मांगुरा (हिन्दी) को उच्च विद्यालय में अपग्रेट करने का भरोसा दिलाया। कहा कि इस गांव में पहली बार आने का सौभाग्य मिला। मुझे निचली जमुआरी गांव की भौगोलिक जानकारी नहीं थी। मैं केवल जमुआरी गांव को ही जानता था। गांव के युवा काफी अच्छे और ऊर्जावान हैं। इनको विकास कार्य में हमारा सहयोग मिलता रहेगा।
मौके पर नवनिर्मित युवा संगठन के अध्यक्ष कैलाश रजक, उपाध्यक्ष सकलदेव रजक, सचिव सुभाष रजक, विनय गिरी विकास रजक, सोनू रजक, विनय शर्मा, चंदन भारती, योगेंद्र रजक, प्रवेश रजक, अभिषेक यादव, कन्हैया यादव, विकास भारती, पुरुषोत्तम रजक, दिलीप रजक, सचिन रजक, आर्यन यादव, प्रदीप गिरी, मूलो यादव, सुधीर भारती, नेमीचंद मेहता, रोहित रजक समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
