निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । कुर्मी जाति के लोगों ने शनिवार को अनुसूचित जाति में दर्जा हासिल करने की मांग को लेकर रेल रोको अभियान चलाया। आंदोलनकारी सुबह से ही रेल पटरी पर उतर गए और जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। रेल सड़क रोको अभियान के कारण ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा है। इस दौरान राजधानी एक्सप्रेस, अनन्या एक्सप्रेस और कई अन्य लंबी दूरी की ट्रेनें बीच रास्ते में खड़ी हो गईं। जामताड़ा स्टेशन पर मालगाड़ी समेत कई ट्रेनें घंटों रुकी रहीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल के कारण ट्रेनों की आवाजाही को पुनः सुचारू की गई। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे। पुलिस बल के द्वारा भीड़ को नियंत्रित किया गया और ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से किया गया। कुर्मी समाज के नेता मंतोष महतो का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जाति को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
सरकार को चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक पहल नहीं करती, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। वहीं मौके पर मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने बताया कि कुर्मी समाज के लोगों द्वारा पूर्व निर्धारित यह आंदोलन था, जिसके लिए हमलोगों ने जिले के सभी रेलवे स्टेशन पर मजिस्ट्रेट के साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दिया, इनलोगों के द्वारा रेल रोकने का प्रयास किया है लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था के कारण ट्रेन का परिचालन सुचारू रूप से चलाया गया है।
