“प्रधानमंत्री मोदी के विज़न पर ग्रामीणों ने रखी विकास की मांगें”
बीडीओ ने आदिवासियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी
रामावतार स्वर्णकार
हजारीबाग/ईचाक:प्रखंड के डाढ़ा पंचायत अंतर्गत सुदूरवर्ती बभनी गांव में शुक्रवार को आदि कर्मयोगी अभियान के तहत रेस्पॉन्सिव गवर्नेंस प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आदिवासी परंपरा के अनुसार ढोल-नगाड़ा और मांदर की थाप पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के स्वागत से हुई। बीडीओ संतोष कुमार ने मांझी समाज के हड़ाम को माला पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर गांव का नजरी नक्शा तैयार किया गया और ग्रामीणों की समस्याओं व योजनाओं को सूचीबद्ध किया गया। बीडीओ संतोष कुमार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया। पंचायत की मुखिया सुनिता देवी ने ग्रामीणों से कहा कि अधिकारी गांव आए हैं, आप अपनी समस्याएं खुलकर रखें। ग्रामीणों की ओर से बांका टोला के रामसहाय मांझी, बेशुलाल मांझी, चुन्नू मांझी, बाबूलाल मांझी तथा लुकुईया टोला के महादेव मांझी, महेश मांझी, धनी मांझी, शिवलाल टुडू, प्रमिला हांसदा, ललिता देवी और सुनीता हेमराम ने पीसीसी सड़क, पुल-पुलिया, सरना स्थल की घेराबंदी, सिंचाई नहर व नाली निर्माण की मांग रखी।
कार्यक्रम में पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता अरुण कुमार, बीएओ विनोद कुमार रवि, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी इंदुशेखर, पंचायत समिति सदस्य द्वारिका तुरी, मुखिया प्रतिनिधि सह समाजसेवी दयानंद कुमार, स्पोर्ट संस्था के सुधीर कुमार, पेंशन विभाग के विकास कुमार, अनिल कुमार, वनरक्षी महेश कुमार, सहायक अभियंता मनीष कुमार और पंचायत सेवक सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनजातीय सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत विज़न पर आधारित यह अभियान ग्रामीणों के बीच नई ऊर्जा और विश्वास जगा रहा है।
