निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा ने जामताड़ा जिले के एक आदिवासी गांव पहुंचकर उनका जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस खास अवसर पर मिश्रा ने ग्रामीणों और बच्चों के साथ केक काटा, मिठाइयां बांटी और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के मांझी हाड़ाम सहित गांव के गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी वर्ग और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर विशेष खुशी देखने को मिली। हरिमोहन मिश्रा ने बच्चों के साथ संवाद किया और उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। हरिमोहन मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न केवल भारत के लिए बल्कि विश्व के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं। वे देश के सर्वांगीण विकास के प्रतीक हैं। उनका जीवन सेवा, समर्पण और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को समर्पित है। उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, आदिवासी, किसान और महिला वर्ग के सशक्तिकरण के लिए जो कार्य किए हैं, वे अभूतपूर्व हैं। उन्होंने बताया कि आदिवासी समाज के बीच जाकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाना भाजपा की उस नीति और भावना को दर्शाता है जिसमें समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की सोच है। मिश्रा ने कहा भाजपा केवल सत्ता की नहीं, समाज सेवा की राजनीति करती है। आने वाले समय में भी पार्टी इसी प्रकार जनसंपर्क और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों से जुड़ती रहेगी। इस मौके पर ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांव में साफ-सफाई अभियान भी चलाया और स्थानीय बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मिश्रा की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता का संदेश जाता है। ग्रामीणों ने आशा जताई कि ऐसे प्रयासों से आदिवासी समाज के विकास को और अधिक बल मिलेगा। मौके पर गणेश किस्कू, रमेश टुडू, बासुदेव टुडू, बबलू टुडू, राम मुर्मू उपस्थित थे।
