निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार साहू ने शुक्रवार को जामताड़ा का दौरा किया। जिसके बाद कार्यकर्ताओं संग बस स्टैंड स्थित एक लॉज में बैठक करते हुवे संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आने वाले समय में झारखंड के सरकारी विद्यालयों को बंद करने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने कहा कि जहाँ-जहाँ भाजपा की सरकार है, वहाँ सरकारी विद्यालयों की स्थिति बद से बदतर है। वहीं निजी विद्यालयों में एडमिशन शुल्क और मासिक फीस लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम गरीब परिवार के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठित होकर जनता के बीच जाएँ और भाजपा की जनविरोधी नीतियों का खुलासा करें।
प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जनता के सवालों को मजबूती से उठाना ही पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जागरूकता फैलाने और एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे राजद जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी और लगन के साथ संगठन और जनता की सेवा कर रहे हैं तथा आगे भी उसी निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश तेली समाज के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार स्नेही, संयोजक दिनेश यादव, सत्यपाल यादव, अशोक चौधरी, डॉ. नंद कुमार यादव, शत्रुघ्न पंडित, श्रीमती अर्चना देवी, विजय यादव (नारायणपुर), निरंजन महतो (जामताड़ा), नगर अध्यक्ष राजेश महतो, मिहिजाम नगर अध्यक्ष उमाशंकर यादव सहित विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
