निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । कांग्रेस से जुड़े राहुल गांधी एकता संगठन ऑल इंडिया की वर्किंग कमेटी द्वारा अब्दुल साजिद को संगठन का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर अब्दुल साजिद ने अपनी नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए सभी वरिष्ठ नेताओं और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सबसे पहले झारखंड सरकार में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, खाद्य, सार्वजनिक वितरण, उपभोक्ता मामले एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी को धन्यवाद दिया। साजिद ने कहा कि मैं सबसे पहले माननीय डॉ. इरफान अंसारी का आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने मेरे नाम की अनुशंसा की और मुझे इस पद के लिए योग्य समझा। आगे कहा कि वह ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी दिल से धन्यवाद करते हैं जिन्होंने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी।
वही अब्दुल साजिद ने कहा कि मैं एक सामान्य कार्यकर्ता हूँ, लेकिन पार्टी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाने का वादा करता हूँ। राहुल गांधी एकता संगठन ऑल इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद अरशद का नाम लेते हुए साजिद ने कहा कि अरशद जी ने जो भरोसा जताया है, उसे वे कभी टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा मैं राहुल गांधी के विचारों और पार्टी के सिद्धांतों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करूंगा और संगठन को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।अब्दुल साजिद ने यह भी कहा कि वे देशभर में संगठन के विस्तार और युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मिलकर काम करें और पार्टी को जिला से लेकर पंचायत स्तर पर मजबूत बनाएं। उनकी इस नियुक्ति से जामताड़ा जिले में खुशी की लहर है और कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार हुआ है। साजिद की सादगी, मेहनत और लगन को देखते हुए यह उम्मीद की जा रही है कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे और कांग्रेस संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
