निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के कोर्ट रोड स्थित आवास पर बीएलओ-2 एवं एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में एसआईआर प्रक्रिया के संबंध में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं का नाम नहीं कटे, इस विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से न हटे। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एसआईआर भाजपा के राजनीतिक प्रोपेगेंडा का हिस्सा है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि भले ही नरेंद्र मोदी लंबे समय से देश के प्रधानमंत्री हैं, लेकिन उनकी तुलना देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू से नहीं की जा सकती।
डॉ. अंसारी ने कहा कि नेहरू के कार्यकाल में देश के विकास के लिए जो आधारभूत कार्य किए गए, वैसा योगदान वर्तमान सरकार नहीं दे सकी है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में ऐसा कोई एक बड़ा कार्य नहीं है, जिसे भाजपा गर्व से उपलब्धि के रूप में गिना सके। बैठक में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा समेत अन्य मौजूद थे।
