धनबाद । नगर निगम चुनाव के मद्देनजर धनबाद पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी संजीव कुमार की जीत का दावा करते हुए कहा कि विकास, सुशासन तथा भ्रष्टाचार-मुक्त धनबाद के लिए जनता भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेगी। धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र स्थित धोवाटांड़ कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए आदित्य साहू ने पार्टी के बागी नेताओं पर भी सख्त रुख दिखाते हुए कहा कि उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है और पार्टी की अनुशासन समिति पूरे मामले पर निगरानी रखे हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।
वहीं, सूबे के हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस की सरकार डर के साये में काम कर रही है। उनके अनुसार एक षड़यंत्र के तहत सरकार ने नगर निकाय चुनाव को दलीय आधार पर न कराकर गैर-दलीय आधार पर कराने का फैसला लिया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के आंदोलन के कारण ही सरकार चुनाव कराने को बाध्य हुई। मेयर पद के जेएमएम समर्थित प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल द्वारा गिनाए जा रहे विकास कार्यों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री साहू ने कहा कि वे सभी कार्य पूर्व की सरकारों की देन हैं। उन्होंने कहा कि रघुवर दास के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और नरेन्द्र मोदी सरकार के समय भ्रष्टाचार-मुक्त शासन और कानून का राज था, जबकि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और विधि-व्यवस्था चरमराई हुई है। उन्होंने हाल ही में डॉ. मिहिर के घर पर धमकी भरा पोस्टर लगाए जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
