खरीफ फसल बीमा पंजीयन की अंतिम तिथि 31 जुलाई

रामावतार स्वर्णकार
इचाक । बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत इस वर्ष होने वाले निशुल्क खरीफ फसल बीमा के पंजीयन का अंतिम तिथि 31 जुलाई है। फसल बीमा का ऑनलाइन पंजीयन हेतु किसानों को मात्र एक रुपए भुगतान करना होगा। जबकि प्रीमियम की राशि का भुगतान केंद्र और राज्य सरकार मिलकर करेंगे। किसान फसल बीमा पंजीयन हेतु अपना नवीनतम आधार कार्ड, बैंक पासबुक और भूमि तथा फसल बुआई संबंधी जरूरी दस्तावेज लेकर अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र, बैंक अथवा पोस्ट ऑफिस जाकर करवा सकते हैं। ऋणी किसानों का बीमा ऋण दाई संस्था द्वारा नियमानुसार किया जाएगा। उक्त जानकारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनोद कुमार रवि ने अपने कार्यालय में दी। उन्होंने कहा कि खरीफ फसल बीमा के अंतर्गत किसान फिलहाल अगहनी धान और भदई मकई के बीमा हेतु ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे। सरकार ने हजारीबाग जिले में अगहनी धान के लिए अधिकतम 68827.50 रु. प्रति हेक्टेयर जबकि भदई मकई के लिए 53287.50 रु. प्रति हेक्टेयर बीमा भुगतान की राशि निर्धारित किया है। जो किसानों के लिए हितकर है। उन्होंने कहा कि फसल की बुआई से लेकर खलिहान से अनाज घर ले जाने तक बीमा का कवरेज जारी रहता है। इसलिए अधिक से अधिक किसान सरकार की योजना का लाभ उठाएं और अपने फसल को सुरक्षित रखने के लिए बीमा पंजीयन शीघ्र कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *