निशिकांत मिस्त्री
स्थानीय डंपर एसोसिएशन की मांगों को लेकर वीरेंद्र मंडल के नेतृत्व में जामताड़ा एसडीओ को सौंपा गया ज्ञापन, 16 जुलाई तक मांगे नहीं मानी गई तो होगा अनिश्चितकालीन आंदोलन
जामताड़ा । सोमवार को स्थानीय डंपर एसोसिएशन, जामताड़ा के सैकड़ों ऑनर्स ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल के नेतृत्व में अपनी मांगों को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 16 जुलाई तक कोयला ढुलाई कार्य में पुनः स्थानीय डंपर वाहनों को शामिल करने की मांग की गई है। चेतावनी दी गई है कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो 16 जुलाई के बाद अनिश्चितकालीन धरना, प्रदर्शन और सड़क जाम किया जाएगा। ज्ञात हो कि विगत लगभग 40 वर्षों से स्थानीय डंपर असोसिएशन के द्वारा ईसीएल चित्रा से जामताड़ा साइडिंग तक कोयला ढुलाई का कार्य किया जा रहा है, जिससे हजारों स्थानीय लोगों को रोजगार प्राप्त है। लेकिन हाल ही में ईसीएल चित्रा प्रबंधन, जीएम और ट्रांसपोर्टर की मिलीभगत से साजिश के तहत बाहरी कंपनियों को लाभ पहुंचाने की मंशा से स्थानीय डंपर वाहनों को सेवा से बाहर कर दिया गया है।
इस संबंध में भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल ने कहा कि यह केवल व्यवसायिक नुकसान नहीं बल्कि सामाजिक और आर्थिक संकट की स्थिति है। हजारों परिवार इस कार्य से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 16 जुलाई तक स्थानीय डंपर को पुनः सेवा में नहीं लिया गया, तो विरोधस्वरूप कोयला ढुलाई को बाधित कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय लोगों को नजरअंदाज कर बाहरी कंपनियों को लाभ देना पूरी तरह अनुचित और अन्यायपूर्ण है। इससे बेरोजगारी की दर बढ़ेगी और अपराध की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन और ईसीएल प्रबंधन से मांग की गई है कि स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय हितों की रक्षा की जाए।
