रामावतार स्वर्णकार
इचाक: प्रखंड मुख्यालय से लगभग 6 किमी दूर इचाक बरकट्ठा पथ पर स्थित प्राथमिक विद्यालय मोकतमा का हाल इन दिनों खस्ता है। विद्यालय में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बारिश का पानी जमा हो गया है। जिससे विद्यालय परिसर पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों को काफी परेशानी हो रही है। विद्यालय आने जाने वाले बच्चों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है तो बच्चे मध्याह्न भोजन भी पानी में खड़े होकर किसी प्रकार कर पाते हैं। परिसर में पानी जमा रहने से बच्चे खेल नहीं पाते और न ही बची खुची किड्स एक्सरसाइज टूल्स का उपयोग कर पाते हैं। विद्यालय परिसर अपेक्षाकृत अधिक ढाल में होने के कारण सड़क पर बहने वाला बारिश का पानी सीधे विद्यालय परिसर में घुस जाता है। और पानी का निकास नहीं होने के कारण पानी कई दिनों तक विद्यालय परिसर में ही जमा रहता है। पानी के एक जगह पर जमा रहने से प्रदूषण, मच्छड़ और बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। हैरानी की बात है कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे हर साल बारिश में विद्यालय में हुए जलजमाव का सामना करते हैं लेकिन विद्यालय प्रबंधन द्वारा आजतक परिसर को ऊंचा करने अथवा जमा पानी के निकास की कोई व्यवस्था नहीं की जाती है। इस विषय में बात करने के लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक ऐनुल अंसारी को फोन किया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

क्या कहती है मुखिया

इस संबंध में पूछे जाने पर मांगुरा पंचायत की मुखिया मीना देवी ने बताया कि डीएमएफटी मद से प्राथमिक विद्यालय मोक्तमा में कमरा निर्माण और परिसर का फेवर ब्लॉक समेत विद्यालय का जीर्णोद्धार कार्य के लिए जिप सदस्य रेणु देवी के माध्यम से उपायुक्त को ग्राम सभा का प्रस्ताव भेजी हूं। इधर पंचायत मद में वित्तीय वर्ष 2024-25 से राशि नहीं मिली है जिसके कारण 15वीं वित्त मद से काम नहीं करवा पा रही हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *