रामावतार स्वर्णकार
इचाक: थाना क्षेत्र में बढ़ते नशा के कारोबार और नशाखोरों के खिलाफ अब महिलाएं भी गोलबंद होने लगी हैं। प्रखंड में आए दिन महिलाएं ब्राउन शुगर, चरस, अफीम जैसे घातक मादक पदार्थों के कारोबारियों और नशेड़ियों का जमकर विरोध करते देखी जा रही हैं। गुरुवार को संस्था जेएसएलपीएस द्वारा संचालित महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं ने प्रखंड में नशा मुक्ति अभियान को लेकर रैली निकाली। रैली प्रखंड मुख्यालय परिसर से निकलकर नशा विरोधी नारा लगाते हुए इचाक थाना पहुंचा जहां थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार व मुखिया संघ के जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार मेहता ने अभियान में शामिल महिलाओं का स्वागत किया । इस दौरान प्रखंड को नशामुक्त बनाने को लेकर सभी को शपथ दिलाया गया। तत्पश्चात रैली इचाक बाजार होते हुए प्रखंड परिसर में जाकर समाप्त हुआ। रैली का नेतृत्व स्वयं प्रखंड विकास पदाधिकारी व थाना प्रभारी कर रहे थे। मौके पर संस्था के बीपीएम शिवसागर बडाइक, कोऑर्डिनेटर अवनीश कुमार, एडमिन रमेश कुमार मेहता, संस्था कार्यकर्ता अंगिरा देवी, राखी कुमारी, नगीना देवी, लीलावती कुमारी, रिंकू देवी, आरती देवी, श्रवण कुमार, दिनेश कुमार, मधु कुमारी, रितु लकड़ा सिंकु कुमारी, सीमा कुमारी, बेबी कुमारी, सोनी, विनीता कुमारी, शोभा देवी, माया कुमारी, राखी कुमारी, ऋतु कुमारी समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
