निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । मिहिजाम थाना क्षेत्र में आज शुक्रवार को एक युवक की मौत हो गई। युवक की बॉडी उसी की हार्डवेयर दुकान में संदिग्ध हालत में मिली। मृतक की शिनाख्त सरफराज अंसारी (28) के तौर पर की गई है। सरफराज ढेंकीपाड़ा मोड़ पर झारखंड इलेक्ट्रिकल्स नाम से हार्डवेयर की दुकान चलाता था। घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस तुरंत स्पॉट पर पहुंची और बॉडी को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद डेड बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया। मृतक के भाई ने मीडिया को बताया कि सरफराज पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और उसका इलाज रांची में चल रहा था। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी तब मिली जब एक ग्राहक इंडक्शन चूल्हा खरीदने दुकान पर आया। ग्राहक ने बताया कि दुकान बंद थी और फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजन दुकान पर पहुंचे और अंदर के कमरे में सरफराज को पंखे से गमछे और रस्सी के सहारे फांसी पर लटका पाया।
