प्रतिनिधि
हजारीबाग/बरही । थाना क्षेत्र के धनवार पंचायत अंतर्गत कोरियाडीह गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट के बाद घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज कुमार के रूप में की गई है। इस घटना को लेकर गुरुवार को मृतक की पत्नी रेखा कुमारी ने बरही थाना में आवेदन देकर दो लोगों पर अपने पति की हत्या का आरोप लगाया है। रेखा कुमारी ने दिए आवेदन में बताया कि 14 जून को वह अपने बच्चों से मिलने हजारीबाग गई थीं और रात अधिक हो जाने के कारण हॉस्टल में ही रुक गईं। अगली सुबह उन्हें सास ने फोन कर बताया कि 14 जून की शाम लगभग 6:30 बजे गांव के ही हरिप्रसाद पिता महादेव प्रसाद और सुनील प्रसाद पिता प्रभु महतो ने उनके पति मनोज कुमार के साथ झगड़ा किया और बेरहमी से पिटाई कर अहरिया तालाब के पास घायल अवस्था में छोड़कर भाग गए। घायल मनोज को परिजनों ने पहले घर लाया, फिर अगले दिन बरही अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर होने पर हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उन्हें रांची रिम्स भेजा गया। रिम्स में भी हालत बिगड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 17 जून को उनकी मृत्यु हो गई। रेखा कुमारी ने आरोप लगाया कि उनके पति और दोनों आरोपी एक साथ बाहर काम करते थे और आपस में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी विवाद के चलते दोनों आरोपियों ने मिलकर मनोज कुमार के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और अंततः उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बेटे प्रिंस कुमार (8 वर्ष) और पीयूष कुमार (5 वर्ष) के साथ वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में बरही थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक आभास कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी के आवेदन पर कांड संख्या 226/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
