निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । साइबर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मोहलीडीह के समीप छापेमारी कर एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से 1658000 नगदी सहित फर्जी सिम कार्ड व मोबाइल बरामद किया गया है। यह कार्रवाई एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। मामले का खुलासा एसपी डॉ एहतेशाम बकारिव ने बुधवार को साइबर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया। एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में इंस्पेक्टर बिहारी मराण्डी, एसआई हीरालाल महतो एवं अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल करते हुए करमाटांड़ थानान्तर्गत ग्राम मोहलीडीह रोड किनारे नवनिर्मित मकान के पास साइबर अपराधियों के विरूद्ध छापामारी करवाकर साइबर अपराध करते हुए साइबर अपराधकर्मी मुख्तार अंसारी को फर्जी मोबाइल, सिम, नगद के साथ पकड़ा गया। इस संबंध में इनके विरूद्ध जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 41/25 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधी के पास से नगद 16,58,000 रुपए, 06 मोबाइल तथा 05 सिम कार्ड बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि यह अपराधी गूगल में विभिन्न ई-कॉमर्स कम्पनियों, ई-पेमेंट कम्पनियों, उपभोक्ता सामग्री कम्पनियों के कस्टमेयर केयर नंबर के रूप में अपना फर्जी मोबाइल नंबर डालकर उपभोक्ताओं का कॉल प्राप्त कर उनके आनी वाली समस्यों का निपटारा करने के नाम पर उनके मोबाइल पर क्विक सपोर्ट, एनी डेस्क जैसे मोबाइल शेयरिंग एप डाउनलोड करवाकर उनके सारी बैंक की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी करते थे। बताया कि प्राथमिकी अभियुक्त मुख्तार अंसारी साइबर अपराध थाना कांड संख्या 16/22 में आरोप पत्रित है। इसका कार्यक्षेत्र मुलत: पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, महाराष्ट्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *