रामावतार स्वर्णकार
इचाक: थाना क्षेत्र के इचाक- दरिया मार्ग पर स्थित खुटरा गांव में स्कूली बच्चों को ले जा रही पिकअप सवारी वैन गहरे तालाब में पलट गई। घटना बुधवार 12 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा की वैन में इचाक स्थित संस्था मानव विकास द्वारा संचालित स्कूल कैंपियन बेसिक अकैडमी के बच्चे बैठे थे, जो छुट्टी के बाद अपने घर जा रहे थे। जैसे ही पिकअप सवारी वैन खुटरा गांव तालाब के समीप पहुंची अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। घटना के बाद वाहन का मालिक सह चालक संजय यादव वहां से भाग गया। घटना के समय वैन में दो दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे सवार थे। कुछ बच्चे गाड़ी के नीचे दब गए। जिन्हें ग्रामीणों की तत्परता से तत्काल बाहर निकाला गया और ईचाक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। जहां से गंभीर रूप से घायल तीन बच्चों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों में आदर्श कुमार कक्षा 8, अदिति कुमारी कक्षा 3 दोनो के पिता सत्येंद्र यादव ग्राम मनाय, अंजनी कुमारी कक्षा 4, पिता विनोद मेहता सयाल कला निवासी शामिल हैं। इधर घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी संतोष कुमार सदलबल घटना स्थल पर पहुंचे और पिकअप वैन को जेसीबी मशीन की सहायता से निकालकर थाने ले आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप सवारी वैन का चालक वाहन चलाते समय नशे में धुत अपने फोन पर बात करने में मशगूल था। जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित लगभग 15 फीट गहरे तालाब में जा गिरा। गनीमत यह रही कि तालाब में अधिक पानी नहीं था। अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब पर नहीं है कोई गार्डवाल

प्राप्त जानकारी के मुताबिक इचाक दरिया पथ पर सड़क से सटे गहरे तालाब के किनारे सुरक्षा का कोई ध्यान नहीं रखा गया है। सड़क के एक तरफ गहरी खाई तो दूसरे तरफ विशाल तालाब है। सड़क के दोनो ओर गार्डवाल की आवश्यकता है। अभी हाल ही में आरईओ द्वारा सड़क निर्माण कराया गया लेकिन सड़क किनारे तालाब में गार्डवॉल नहीं बनाया गया। अगर गार्डवाल होता तो शायद ऐसी घटना नहीं घटती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *