निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । कल्याण गुरुकुल जामताड़ा में आयोजित फ्लैग ऑफ सेरेमनी/नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कुमुद सहाय एवं अन्य अधिकारियों के द्वारा किया गया। इससे पूर्व उपायुक्त के आगमन पर गुरुकुल में छात्राओं के द्वारा मुख्य अतिथि उपायुक्त एवं विशेष अतिथि परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज का पारंपरिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त कुमुद सहाय ने कहा कि कल्याण गुरुकुल में बैच संख्या 48 में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी कुल 28 छात्राओं को चेन्नई (तमिलनाडु) के कंपनी इंटीमेट फैशन्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (Intimate Fashions India Pvt. Ltd.) में रोजगार मिला है, जो कि गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति केवल इन बेटियों की सफलता नहीं है, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। यह प्रमाण है कि अगर बेटियों को सही अवसर मिले, तो वे असाधारण ऊँचाइयों छू सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर दें और गाँव के अन्य बच्चों को भी प्रोत्साहित करें। आज हरेक क्षेत्र में बेटियां अपना परचम लहरा रही है।

वहीं परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने कहा कि कल्याण गुरुकुल, जामताड़ा की यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है। यह दर्शाता है कि ग्रामीण भारत की बेटियाँ भी अगर सही दिशा में प्रयास करें, तो वे देश के किसी भी कोने में अपनी पहचान बना सकती हैं। यह सफलता न केवल छात्राओं के जीवन को संवारने वाली है, बल्कि समाज के लिए भी बदलाव की एक सकारात्मक लहर है।
आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, परियोजना निदेशक आईटीडीए एवं अन्य के द्वारा बैच संख्या 48 की चयनित कुल 28 छात्राओं को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। साथ ही उपायुक्त द्वारा गुरुकुल एवं कल्याण विभाग के संबंधित अधिकारियों को छात्राओं के समुचित व्यवस्था, सुरक्षा आदि को लेकर कंपनी एवं स्थानीय अधिकारियों सहित सभी संबंधितों को जरूरी कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *