निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च स्कूल जेबीसी प्लस टू के प्रिंसिपल सुशील मरांडी की बीते दिनों स्कूल गेट के समक्ष एक दुर्घटना में गंभीर चोटें आई थीं. इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. इस घटना के बाद आज मंगलवार सुबह स्कूल के छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विरोध के लिए मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। स्कूल के नए प्रिंसिपल एबीमाईल टुडू के नेतृत्व में, सैकड़ों की संख्या में छात्र, शिक्षक और अभिभावक सड़क पर उतर आए. इस प्रदर्शन में वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल, विनोद क्षत्रिय, आकाश साव और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक सुनील कुमार बास्की सहित अन्य लोग भी शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जाम लगाकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाई. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्कूल गेट के पास सड़क पर अत्यधिक तेज गति से चलने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए. इसके अलावा, स्कूल गेट के समक्ष रोड ब्रेकर लगाने, स्पीड लिमिट का बोर्ड लगाने और स्कूल के सामने हॉर्न बजाने पर पाबंदी लगाने की मांग की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *