निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा झारखंड मुक्ति मोर्चा ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए जामताड़ा जिला समिति का औपचारिक गठन कर दिया है। पार्टी के केन्द्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार नवगठित समिति में नरेंद्र मुर्मू को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर चार प्रमुख चेहरों की नियुक्ति की गई है रविन्द्र नाथ दुबे, प्रोफेसर कैलाश प्रसाद साव, इम्तियाज अंसारी और अशोक मंडल। परेश प्रसाद यादव को समिति का सचिव नियुक्त किया गया है जबकि कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी प्रदीप मंडल को दी गई है। कार्यालय आदेश में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि नवगठित जिला समिति जल्द से जल्द केन्द्रीय समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर संगठन के विस्तार हेतु अन्य पदाधिकारियों के नामों की अनुशंसा करें।

इस बैठक की कार्यवाही की प्रति जिला समिति की कार्यवाही पुस्तिका में संलग्न करते हुए केंद्रीय कार्यालय को भेजी जाएगी, ताकि जिला समिति का पूर्ण एवं व्यापक गठन सुनिश्चित किया जा सके। महासचिव ने सभी नवगठित पदाधिकारियों को संगठनात्मक अनुशासन में रहकर कार्य करने तथा कार्यकर्ताओं से सुदृढ़ संवाद स्थापित करने की सलाह दी है। साथ ही संगठन के सुदृढ़ीकरण के लिए अपने अनुभव एवं कर्मठता का भरपूर उपयोग करने का आह्वान किया गया है। झामुमो की यह पहल आगामी चुनावों की दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने और संगठन को धार देने में जुटी है। स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस नई नियुक्ति को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी ने सभी नवगठित पदाधिकारियों को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं और संगठन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *