इचाक प्रखंड के 876 फर्जी लाभुक से राशि की होगी वसूली
उपायुक्त ने निर्देश किया जारी
रामावतार स्वर्णकार
इचाक । झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना का लाभ गलत तरीके से लेने वाले जिले के 9471 लाभुकों से सरकार रुपए वसूलेगी। अयोग्य लाभुकों से 15 दिनों के अंदर ली गई राशि सूद सहित वापस करने को लेकर उपायुक्त हजारीबाग ने निर्देश जारी किया है। उपायुक्त कार्यालय के सामाजिक सुरक्षा कोषांग 52 दिनांक 4 फरवरी 2025 के निर्गत पत्र में जिले के सभी प्रखंड के बीडीओ से डब्लिकेट लाभुकों से राशि वसूलने का निर्देश दिया गया है। इचाक प्रखंड में भी 876 डूब्लिकेट लाभुकों को चिन्हित किया गया है। बीडीओ संतोष कुमार ने बताया कि इचाक प्रखंड के 19 पंचायतों में भी 876 लाभुक अयोग्य पाए गए हैं। उन लाभुकों को नोटिस भेजा रहा है। साथ ही उन्हें 15 दिनों के अंदर मईया सम्मान योजना की राशि ब्याज सहित वापस करने का अल्टिमेटम दिया गया है। राशि वापस नहीं करने वाले लाभुकों पर शक्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अन्य लाभुकों का भी घर घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। लाभुकों की सूची मुखिया, पंचायत सचिव, बीएलओ, आंगनवाड़ी सेविका को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि इचाक प्रखंड में दरिया पंचायत में 249 लाभुक डब्लिकेट पाए गए है। इसमें कई लोग पुरुष लाभुक है जिन्होंने गलत तरीके से फार्म भरा एवं लाभ लिया है। इसके अलावा चंपानगर नावाडीह पंचायत में 21, अलौंजा खुर्द में 31, बरियथ 19, बरकाकला 16, बरकाखुर्द 31, बोंगा में 55, डाढा 34, डाडीघाघर 22, देवकुली 27, मांगुरा 27, डुमरौन 39, गोबरबंदा 28, हदारी 77, कारीमाटी 38, करियातपुर 53, कुरहा 45, परासी 24 एवं पूराना इचाक में 20 लाभुक फर्जी पाए गए है।
