निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । मंगलवार को माँ चंचला महोत्सव समिति के तत्वाधान में जामताड़ा नगर पंचायत के सिमलबेड़िया में मातृशक्ति के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपस्थित मातृशक्ति ने आगामी 16 जनवरी को आयोजित माँ चंचला कलश शोभा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की स्वेच्छा से घोषणा की। साथ ही, महोत्सव के तीन दिवसीय आयोजन (16, 17, 18 जनवरी) को दीपोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। सभी ने अपने-अपने घरों में दीप जलाने का संकल्प लिया।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने बताया कि 12वीं माँ चंचला वार्षिक महोत्सव की तैयारियों को लेकर विभिन्न वर्गों और समुदायों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जामताड़ा नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों की माताएं-बहनें कलश शोभा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए उत्साहित हैं। इस अवसर पर समिति ने आयोजन की तैयारियों और जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा की। बैठक में मौजूद सभी मातृशक्ति ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर सहयोग करने का आश्वासन दिया।
माँ चंचला वार्षिक महोत्सव का आयोजन हर वर्ष श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जाता है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में एकता और सौहार्द का संदेश भी देता है। इस बार का आयोजन विशेष रूप से भव्य और आकर्षक होगा।
