रामअवतार स्वर्णकार
हजारीबाग । झारखंड के हजारीबाग जिले से एक भीषण सड़क हादसे की घटना सामने आई है । गुरुवार की अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ. इस घटना में 5 से अधिक लोगों की मौत हो गई है. जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के गोरहर में यह सड़क हादसा हुआ है. जहां गुरुवार की सुबह लगभग 6 बजे कोलकाता से पटना जा रही विशाल नामक यात्री बस संख्या डब्लू बी 76 ए – 1548 पलट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में बस सड़क के किनारे पलट गई है और उस पर सवार कम से कम 5 यात्रियों की मौत हो गई. यह आंकड़ा और बढ़ भी सकता है. हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए. घायलों की स्थिति गंभीर है. इस वजह से मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जहां दुर्घटना हुई, वहां सिक्स लेन सड़क निर्माण के दौरान कंपनी ने सड़क काट कर छोड़ दिया है. इस कारण बस अनियंत्रित हो गई और गड्ढे में पलट गई. हादसे के बाद आवाज बहुत दूर तक गुंजा और वहां चीख-पुकार मच गई. आवाज सुन कर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर दौड़कर पहुंचे और गोरहर थाना की पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. खबर लिखे जाने तक मामले को लेकर जिला- प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है ।
