धनबाद । 2004 में वासेपुर के चर्चित गैंगस्टर फहीम खान के घर पर एके 47 से हमला मामले में लगभग 22 साल के बाद आज फैसला आया है । मामले में शाहिद आलम समेत तीनों दोषियों को उम्र कैद सजा दी गई है । जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय की कोर्ट ने सोमवार को इस मामले में फहीम खान के जानी दुश्मन साबिर आलम के भाई शाहिद आलम, शहादत हुसैन एवं पटना के शूटर तनवीर आलम को दोषी करार दिया था । शनिवार को सजा बिंदु पर सुनवाई हुई । जानकार बताते हैं कि यह पहला मौका था, जब धनबाद शहर में एक साथ कई एके-47 से गोलियां चली थी । फहीम खान की किसी तरह जान बची थी । बताते हैं कि हमले में फहीम खान के बॉडीगार्ड बिहार के रहने वाले की मौत हो गई थी । फहीम खान का एक रिश्तेदार भी इसमें घायल हो गया था । घटना स्थल पर पहुंची पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने भाग रहे अपराधियों की मारुति वैन और बोलेरो का पीछा किया था । जानकार बताते हैं कि धनबाद के पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में पटना के एक शूटर की भी मौत हो गई थी । घटना के बाद बैंक मोड़ पुलिस ने फहीम से उसका फर्द बयान लेने के बाद मामला दर्ज किया था ।सुनवाई के दौरान कई आरोपियों की मौत हो गई थी । लोग यह भी बताते हैं कि फहीम खान के जानी दुश्मन साबिर आलम के फरार चलने के कारण उसकी गैर मौजूदगी में ट्रायल चला था ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *