अभिषेक मिश्रा

चासनाला । झरिया सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत दामोदर नदी में लापता युवती की तलाश के लिए शनिवार को रांची से एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची । टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।नदी की तेज धार और गहराई को देखते हुए एनडीआरएफ के जवान आधुनिक उपकरणों की मदद से युवती की तलाश कर रहे हैं । बता दें कि सोनाक्षी कुमारी आरा से लोदना अपनी नानी के घर आई थी । शुक्रवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ जीउतीया पर्व के अवसर पर सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलाबाद स्थित दामोदर नदी पहुंची थी । इस दौरान वह अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गई । सोनाक्षी को डूबता देख उसके मामा अमन उसे बचाने के लिए नदी में उतरे।तेज बहाव के कारण दोनों डूबने लगे । हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सोनाक्षी के मामा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन सोनाक्षी तेज बहाव में बह गई. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है । युवती के नदी में लापता होने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया था। आक्रोशित लोगों ने बिरसा पुल को जाम कर दिया था सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने भटिंडा फॉल से प्रशिक्षित गोताखोर को बुलाया लेकिन युवती का कोई पता नहीं चल सका है। जिसके बाद शनिवार को एनडीआरएफ की सहायता से नदी में तलाशी अभियान शुरू कराया गया। फिलहाल एनडीआरएफ की टीम नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चला रही है. युवती के मिलने की उम्मीद में परिजन नदी किनारे डटे हुए हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *