जोरापोखर। लक्ष्मी कोलियरी स्थित लालपुल के पास संचालित एक हार्ड कोक भट्ठा में अवैध कोयले के कारोबार के संदेह में शनिवार को सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भट्ठा में खड़ी कोयला लदी एक हाइवा को जब्त किया गया है। डीएसपी ने जब्त हाइवा को जोरापोखर पुलिस को सौंपते हुए कोयले की ग्रेड की जांच कराने का निर्देश दिया है।

बताया जाता है कि एसडीपीओ को सूचना मिली थी कि लालपुल स्थित भट्ठा में अवैध कोयले की खरीद-बिक्री की जाती है। इसी सूचना के आधार पर एसडीपीओ ने जोरापोखर, पाथरडीह और सुदामडीह थाना की पुलिस के साथ भट्ठा में छापेमारी की। इस दौरान भट्ठा में मौजूद कोयला स्टॉक, भट्ठा का लाइसेंस और अन्य कागजातों की जांच की गई।

मामले को लेकर एसडीपीओ सिंदरी प्रकाश चंद्र महतो ने बताया, कोयला लदी हाइवा के कागजातों की जांच की गई है। कोयले के चालान में थोड़ा अंतर दिखने के कारण कोयले की ग्रेड की जांच कराने के लिए गाड़ी को कब्जे में लिया गया है।

वहीं भट्ठा प्रबंधक धीरज सिंह ने कहा, पुलिस भट्ठा में रूटीन जांच के लिए आई थी। भट्ठा लाइसेंस, स्टोरेज, कोयला स्टॉक से संबंधित सारे कागजातों तथा कोयला स्टॉक का मिलान व जांच में सभी कागजात को सही पाया है। कोयला लोड गाड़ी के सभी कागजात पुलिस को दे दिए गए हैं, इसके बाद भी पुलिस हठधर्मी करते हुए परेशान करने के लिए कोयला ग्रेड की जांच कराने के नाम पर गाड़ी को कब्जे में लिया है, जो गलत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *