बिहार के आरा की रहने वाली है युवती, लोदना स्थित अपने नानी घर आई थी

झरिया । शुक्रवार को जितिया पर्व के नहाए खाए के दिन सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में घर वालों के साथ स्नान करने गई सोनाक्षी (15) पानी के तेज बहाव में बह गई, जिसके बाद से उसकी तलाश जारी है । घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई ।सूचना मिलते ही सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती की तलाश शुरू कर दी । बताया जाता है कि सोनाक्षी कुमारी बिहार के आरा की रहने वाली है । सोनाक्षी लोदना स्थित अपनी नानी घर आई थी । शुक्रवार को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जितिया पर्व का स्नान करने अमलाबाद स्थित दामोदर नदी गई थी । जानकारी के अनुसार परिवार के लोग नदी में स्नान कर रहे थे । इसी दौरान सोनाक्षी अचानक गहरे पानी और तेज बहाव में बहने लगी । सोनाक्षी को डूबता देख उसका मामा अमन ने नदी में छलांग लगा दी । नदी में तेज बहाव के कारण दोनों नदी में बहने लगे । वहीं स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर तुरंत उन्हें बचाने में जुट गए और अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन सोनाक्षी तेज धार में बह गई । घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने सुदामडीह थाना पुलिस को दी । सूचना मिलते ही सुदामदीह पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और युवती की तलाश शुरू कर दी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *