निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी अमित कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस इंस्पेक्टर सुनील टुडू एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों को शामिल कर छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो गांव में सुनील कुमार मंडल के घर पर छापेमारी कर उसे साइबर अपराध करते हुए गिरफ्तार किया। इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के अमडीहा के पूर्व दिशा में डंगाल स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी की गई, जहां से तीन अन्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार मंडल (24 वर्ष), ग्राम रिंगोचिंगो; मोहम्मद अबूतालिब अंसारी (40 वर्ष), ग्राम ऊपर भीठरा ; बहादुरुद्दीन अंसारी (28 वर्ष), ग्राम हेठ भीठरा; तथा शमीम अंसारी (28 वर्ष), ग्राम ऊपर भीठरा, सभी का थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से 8 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले को लेकर थाना कांड संख्या 61/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गैस उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन अपडेट करने के नाम पर फोन करते थे। इसके बाद मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करवाकर मोबाइल की महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके अलावा बैंक अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क कर 16 अंकों का एटीएम नंबर, सीवीवी नंबर और ओटीपी नंबर जैसी गोपनीय जानकारी प्राप्त करते थे और विभिन्न वॉलेट के माध्यम से रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का साइबर ठगी का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस इंस्पेक्टर सुनील टुडू, इंस्पेक्टर अमित कुमार समेत सशस्त्र पुलिस बल एवं रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *