निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान जिले में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जामताड़ा पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है। पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक व्यापक एंटी-क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आम जनता को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने विधि-सम्मत (कानूनी) कार्रवाई की है।
इस पूरे वाहन जांच अभियान की मॉनिटरिंग अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (जामताड़ा/नाला) और संबंधित क्षेत्र के पुलिस निरीक्षकों द्वारा की गई। पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों और अपराध नियंत्रण को देखते हुए जिले में यह वाहन जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता और सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करें।
