निशिकान्त मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के डाभाकेंद गांव में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया है। लगभग 15 की संख्या में आए अपराधियों ने एक ही आंगन में रह रहे तीन परिवारों को लूट लिया। परिवार के लोगों ने बताया कि रात के करीब 1:30 बजे 15 की संख्या में अज्ञात अपराधी धावा बोलकर दुबराज मंडल, राम प्रसाद मंडल और मनोज मंडल के घर नगदी जेवर समेत लगभग 7 लाख मूल्य के सामान लेकर चले गए।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस पहुंच कर मामले की छानबीन में जुटी है। इधर इस घटना को लेकर पुलिस के खिलाफ लोगों में काफी आक्रोश है। आक्रोशित महिला और पुरुषों ने गिरिडीह जामताड़ा मुख्य मार्ग को मुरलीपहाड़ी चौक में जाम कर दिया। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारे लगाए और हाथों में तख्ती लेकर विरोध जताने लगे। लोगों का कहना था कि नारायणपुर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था गिरता जा रहा है। एक सप्ताह के अंदर दो- दो जगह डकैती की घटनाएं हुई है। लोगों ने मांग किया कि उन्हें सुरक्षा मुहैया कराया जाए।
