निशिकान्त मिस्त्री

जामताड़ा । मिहिजाम थाना क्षेत्र के बोदमा पोल फैक्ट्री के समीप बीते 12 मई को व्यवसाई से हुई ग्यारह लाख लूट कांड का खुलासा सोमवार को एसपी मनोज स्वर्गियरी ने किया। मौके पर एसडीपीओ आनंद ज्योति मिंज, इंस्पेक्टर सुनील कुमार चौधरी, मनोज कुमार, संजय कुमार, मिहिजाम थाना प्रभारी अरविंद सिंह, नारायणपुर थाना प्रभारी अभय कुमार सहित अन्य मौजूद थे। मामले में कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। वही लूट के चार लाख 79 हजार रुपए बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोबाइल, हथियार एवं बाइक की भी बरामदगी की गई है।

बता दें कि घटना के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी ने एसडीपीओ जामताड़ा की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया था। जिसमें इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी शामिल थे। एसपी के निर्देश पर अनुसंधान तेज किया गया। धनबाद के निरसा से 4 एवं मिहिजाम से 2 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। वहीं घटना में चार से छह और लोगों के होने की संभावना एसपी ने जताई है। साथ ही भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पूरे मामले का खुलासा एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा की अपराधियों ने एक स्कॉर्पियो और दो बाइक से रेकी कर व्यवसाई को बोदमा पोल फैक्ट्री के समीप रोका और हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। साथ ही दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *