पलामू । करम पर्व की खुशियों के बीच पलामू के कोयल नदी में हुए हादसे ने पतरिया खुर्द गांव में मातम पसार दिया। बुधवार सुबह करीब छह बजे करम डाली विसर्जन के दौरान बोकया गांव के समीप पांच बच्चे नदी में डूब गये। बताया जाता है कि विसर्जन के दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी नदी में उतर गये। तेज बहाव और गहराई के कारण सभी पानी में फंस गये। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी तट पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों के प्रयास से चार बच्चों के शव बरामद कर लिये गये, जबकि पांचवें बच्चे की तलाश जारी है। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गयी और करम पर्व की खुशियां मातम में बदल गयीं ।
8 साल का बच्चा नदी में बहा, बचाने के लिए नदी में उतरे चार लोग भी डूबे
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि विसर्जन समारोह के दौरान आठ साल का एक बच्चा नदी की गहराई में बह गया। उसे डूबता देखकर चार अन्य लोग उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। तेज बहाव और गहराई के कारण चारों भी डूब गए। इस तरह हादसे में कुल पांच लोगों की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों के शव नदी से निकाल लिए गए हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मृतकों में तीन नाबालिग
पुलिस ने मृतकों की पहचान अमित कुमार ठाकुर (22), नीतीश कुमार सिंह (18), विशाल पासवान (16), राजा सिंह (12) और हेमंत कुमार सिंह (8) के रूप में की है। इनमें विशाल पासवान, राजा सिंह और हेमंत कुमार सिंह नाबालिग थे। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
