जोरापोखर। जामाडोबा-भौरा मुख्य सड़क पर 2 नंबर डुमरी पेट्रोल पंप में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बालू ढोने वाले ट्रैक्टर से गिरकर एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में कराया जा रहा है। मामले की लिखित शिकायत जोड़ापोखर थाना में दर्ज कराई गई है। बताया जाता है कि भूतगड़िया मोड़ के समीप कपूर गढ़ा निवासी शेख जावेद सूरज नामक व्यक्ति के ट्रैक्टर में मजदूर का काम करता है। मंगलवार को शेख जावेद ट्रैक्टर के डाला में बैठा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ट्रैक्टर डीजल भरवाने के लिए पंप आया था, डीजल भरवाने के बाद जैसे ही ट्रेक्टर आगे बढ़ा शेख जावेद असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा और ट्रेक्टर में लगे डाला का पहिया उसको कुचलते हुए आगे निकल गया। इस घटना में मजदूर का एक हाथ और एक पैर टूट गया है, वहीं कमर में भी गंभीर चोट आई है।
घटना के बाद परिजनों ने घायल को फुसबंगला स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जावेद के परिजनों ने आरोप लागया कि ट्रेक्टर चालक दुखन ने घायलावस्था में जावेद को छोड़कर भाग गया। ट्रेक्टर मालिक भी इलाज में किसी तरह की आर्थिक मदद नहीं कर रहा है। जोड़ापोखर पुलिस ने बताया कि मामले में लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच उपरांत उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
