रामावतार स्वर्णकार की खास रिपोर्ट :
हजारीबाग/इचाक । हजारीबाग जिला मुख्यालय से लगभग 27 किमी दूर हजारीबाग वन्य जीव आश्रयणी में स्थित रजडेरवा पिकनिक स्पॉट नए साल में सैलानियाें के स्वागत के लिए तैयार है। यहां की हरे भरे और मनोरम वादियों में पक्षियों का कलरव और वन्य जीवों की आहट बरबस ही सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करती है। वहीं रजडेरवा झील में नौका विहार करना मानो स्वर्ग सा सुख की अनुभूति कराता है। यूं तो यहां सालों भर झारखण्ड समेत बिहार और पश्चिम बंगाल से सैलानियों का आना जाना लगा रहता है, लेकिन दिसंबर और जनवरी में पिकनिक प्रेमियों की काफ़ी भीड़ देखी जा सकती है।
क्या है खास?
यूं तो पिकनिक का लुत्फ कहीं भी उठाया जा सकता है, लेकिन रजडेरवा पिकनिक स्पॉट का मजा ही कुछ और है। यहां के खूबसूरत झील में नौका विहार, झरने की खूबसूरती, वन्य जीवों के अध्ययन के लिए बने संग्रहालय, भोजन हेतु कैंटीन और आश्रयणी क्षेत्र में वन्य वन्य जीवों को निहारने के लिए बने वॉच टॉवर लोगों को बरबस अपनी ओर आकर्षित करता है। अश्रयणी क्षेत्र के 186 वर्ग हेक्टेयर में बने केज के अंदर सांभर, हिरण, नीलगाय, भालू, बंदर, मोर समेत दर्जनों प्रकार के वन्य जीव और रंग बिरंगे पक्षियों को देखा जा सकता है। रजडेरवा में ठहरने के लिए गेस्ट हाउस और पांच कॉटेज बने हैं। जहां दूर दराज से आनेवाले सैलानी न्यूनतम शुल्क देकर वहां रात्रि विश्राम कर सकते हैं।
कैसे पहुंचें रजडेरवा पिकनिक स्पॉट?
एनएच 33 रांची पटना रोड में स्थित हजारीबाग वन्य जीव आश्रयणी का मुख्य द्वार हजारीबाग जिला मुख्यालय से 17 किमी और बरही से 18 किमी दूर है। बरही से हजारीबाग जाने वाली बस अथवा हजारीबाग से बरही जानेवाली बस से यहां तक पहुंचा जा सकता है। मुख्य द्वार से रजडेरवा पिकनिक स्पॉट 10 किमी दूर अश्रयाणी क्षेत्र के अंदर रजडेरवा जाने के लिए मोटरसाइकिल अथवा निजी वाहन से जाया जा सकता है।
