अमृत महोत्सव पर जनता सुलभ शौचालय का होगा उद्घाटन
न्यूनतम शुल्क पर मिलेगी सेवा
रामावतार स्वर्णकार
ईचाक । रामगढ़राज्यकी राजधानी और ऐतिहासिक नगरी इचाक बाजार में एक अदद शौचालय की वर्षों से बाट जोह रहे राहगीरों, दुकानदारो और खासकर ग्रामीण क्षेत्र से बाजार आनेवाली महिलाओं की समस्या अब जल्द होगी दूर। आम लोगों की समस्या को देखते हुए समाजसेवी और बबलू एसटीडी के प्रोपराइटर उपेंद्र कुमार मेहता ने अपने निजी खर्च से आम लोगों के लिए बाजार परिसर में जनता सुलभ शौचालय सह स्नानागार बनवाया है। शौचालय सह स्नानागार का उद्घाटन आज़ादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 15 अगस्त को दोपहर तीन बजे भाजपा के वरिष्ठ नेता बटेश्वर मेहता करेंगे।
श्री मेहता ने कहा कि इचाक बाजार में 19 पंचायत के दर्जनों गांव से प्रतिदिन हजारों लोग अपने विभिन्न कार्य के लिए इचाक बाजार आते है। ऐसे में लोगों को खासकर महिलाओं को काफी परेशानी होती थी। उनके इस समस्या को देखते हुए हमने अत्याधुनिक जनता सुलभ शौचालय सह स्नानागार बनवाया। जहां लोग न्यूनतम शुल्क देकर शौच और स्नान कर सकते हैं। श्री मेहता ने उद्घाटन के दिन सभी आम जनता से शामिल होने का अनुरोध किया है।
