झरिया । लोदना मोड़ के समीप अज्ञात अपराधियों ने एक टोटो चालक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना शुक्रवार की अहले सुबह लगभग 4 बजे की है जब टोटो चालक सवारी छोड़कर वापस लौट रहा था। घायल की पहचान झरिया के ऊपर कुल्ही स्थित शाह नगर निवासी मो. शहजाद के रूप में हुई है। अपराधियों ने उसके शरीर पर चाकू से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों का आरोप है कि अज्ञात अपराधियों ने मो. शहजाद को निशाना बनाकर उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमला किया। इस दौरान अपराधियों ने उसके टोटो और रुपये भी छीन कर ले गए । घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों ने मामले में अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *